धमतरी। धमतरी जिले में धर्म परिवर्तन कर चुके परिवार की 80 वर्षीय महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हो गया। ग्रामीणों और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने महिला का ईसाई रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किए जाने पर आपत्ति जताई। मामला भखारा थाना क्षेत्र के रांवा-कुर्रा गांव का है। रविवार शाम विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति संभाली।
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान सोनबती यादव (80) के रूप में हुई है। परिवार ने करीब एक साल पहले ईसाई धर्म अपनाया था। रविवार शाम सोनबती की मौत के बाद परिजन ईसाई रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान इसकी जानकारी ग्रामीणों और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं को मिली। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और विरोध शुरू हो गया।
पुलिस की मौजूदगी में चली समझाइश
विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। गांव के बुजुर्गों ने भी परिवार के साथ बैठक की। देर रात तक चली बातचीत के बाद परिवार हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार करने के लिए सहमत हो गया।
इसके बाद JCB की मदद से अंतिम संस्कार के लिए गड्ढा खोदा गया और हिंदू परंपरा के अनुसार महिला का अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार के बाद भी रहा तनाव
घटना के बाद गांव में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल रहा। पुलिस ने एहतियात के तौर पर स्थिति पर नजर बनाए रखी। हालांकि पुलिस के मुताबिक फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है।
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता डाकेश्वर साहू ने कहा कि ग्रामीण महिला का अंतिम संस्कार गांव की परंपरा और हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार कराने की मांग कर रहे थे।
भखारा थाना प्रभारी अरुण साहू ने बताया कि विवाद की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों से बातचीत और आपसी सहमति के बाद अंतिम संस्कार कराया गया। फिलहाल किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
