StateNewsदेश - विदेश

एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा: एक ही रनवे पर आमने-सामने आए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान

मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया।

रात करीब 10 बजे एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए। समय रहते एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देश पर एयर इंडिया के पायलट ने टेक-ऑफ रन रोक दिया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, सिलिगुड़ी से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट लैंडिंग के बाद अभी रनवे पूरी तरह खाली नहीं कर पाई थी।

इसी दौरान दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI816 ने उसी रनवे से उड़ान भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी। जैसे ही स्थिति का पता चला, ATC ने तुरंत टेक-ऑफ रोकने का निर्देश दिया।

पायलट ने निर्देश का पालन करते हुए विमान को रोक दिया और बाद में उसे वापस पार्किंग एरिया में ले जाया गया।

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रनवे खाली करने की प्रक्रिया में था।

सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए टेक-ऑफ तत्काल रोक दिया गया। एयरलाइन ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और विमान को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत निरीक्षण के बाद ही दोबारा सेवा में लगाया जाएगा।

प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। हालांकि, दोनों विमानों में कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गई है।

मुंबई एयरपोर्ट देश का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है और दुनिया के सबसे व्यस्त सिंगल-रनवे संचालन वाले एयरपोर्ट्स में गिना जाता है। यहां प्रतिदिन 950 से अधिक उड़ानों का संचालन होता है।

एयरपोर्ट पर दो रनवे मौजूद हैं, लेकिन उनके एक-दूसरे को काटने के कारण एक समय में केवल एक ही रनवे का प्रभावी उपयोग किया जाता है। ऐसे में एयर ट्रैफिक कंट्रोल की सतर्कता और सटीक समन्वय विमान संचालन की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

Related Articles

Back to top button