महतारी वंदन योजना: 16वीं किस्त में महिलाओं को मिले 648 करोड़ रुपए

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 16वीं किस्त के तहत सोमवार को 69.30 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 648.24 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता जारी की।

मार्च 2024 में शुरू हुई इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। अब तक लगातार 16 महीनों में कुल 10,433.64 करोड़ रुपए महिलाओं को दिए जा चुके हैं। इस योजना के अंतर्गत 21 से 60 वर्ष की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए मिलते हैं। हितग्राही अपनी भुगतान स्थिति महतारी वंदन योजना के पोर्टल या मोबाइल एप के जरिए देख सकती हैं।

70 हजार नाम काटे गए

हालांकि, इस योजना में कुछ गड़बड़ियां भी आईं। लगभग 70 लाख महिलाओं में से करीब 70 हजार के नाम काटे गए हैं। कारणों में मृतक हितग्राही, एक महिला के दो- दो आवेदन, पुरुष के नाम पर आवेदन और फर्जी नाम शामिल हैं। इसके बाद अब पात्र महिलाओं के नाम फिर से जोड़े जाएंगे, जिनका पंजीयन नहीं हो पाया था। भारतीय जनता पार्टी के 2023 विधानसभा चुनाव में सत्ता में आने के बाद योजना को तेज़ी से लागू किया गया। योजना के तहत पात्र महिलाओं से पंजीयन कराए गए और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद लगभग 69.63 लाख महिलाओं को लाभ दिया जा रहा है।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपना आधार कार्ड अपडेट कराएं ताकि भुगतान में कोई रुकावट न आए। आधार कार्ड का हर 10 वर्ष में अपडेट होना आवश्यक है। रायपुर जिले में सबसे ज्यादा पांच लाख 29 हजार से अधिक महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं। इसके अलावा बिलासपुर, दुर्ग, बालौदाबाजार, महासमुंद, कोरबा समेत अन्य जिलों में लाखों महिलाओं को सहायता राशि दी जा रही है।

Exit mobile version