रायपुर। रायपुर पुलिस की एक टीम को असम के गुवाहाटी में हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है। डिजिटल अरेस्ट केस की जांच में गई छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर आरोपियों को पैसे लेकर छोड़ने का आरोप लगा है।
निरीक्षक रविंद्र यादव समेत 4 पुलिसकर्मियों को असम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद 24 घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर के टिकरापारा थाना में दर्ज डिजिटल अरेस्ट मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस टीम गुवाहाटी पहुंची थी। टीम में TI रविंद्र यादव, एक एएसआई, एक हवलदार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने वहां एक आरोपी को हिरासत में लिया था।
असम पुलिस का आरोप है कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ने के बाद दो अन्य आरोपियों को कथित तौर पर पैसे लेकर छोड़ दिया। इस शिकायत के बाद गुवाहाटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टीम को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान असम पुलिस ने करीब 2.50 लाख रुपए नकद भी जब्त किए हैं। दावा किया जा रहा है कि यह रकम आरोपियों से ली गई थी। वहीं, छोड़े गए आरोपियों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया।
घटना के बाद दोनों राज्यों की पुलिस आमने-सामने आ गई। छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने असम पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद 24 घंटे की पूछताछ के बाद टीम को छोड़ा गया।
फिलहाल दोनों राज्यों की पुलिस अपने-अपने स्तर पर जांच कर रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
