मदरसा बोर्ड की अवसर परीक्षाएं 14 दिसंबर से: 22 तक चलेंगी हाईस्कूल-हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं, टाइम टेबल जारी

सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक होगा पेपर; हाईस्कूल का आखिरी पेपर 21 और हायर सेकेंडरी का 22 दिसंबर को
रायपुर। छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी पत्राचार पाठ्यक्रम की द्वितीय एवं चतुर्थ अवसर परीक्षाओं की समय-सारिणी जारी कर दी है।
परीक्षाएं 14 दिसंबर से शुरू होकर 22 दिसंबर 2026 तक चलेंगी। सभी विषयों के पेपर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अल्ताफ अहमद ने परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी दी।
हाईस्कूल की परीक्षा 14 दिसंबर से
हाईस्कूल पत्राचार पाठ्यक्रम की द्वितीय एवं चतुर्थ अवसर परीक्षा में 14 दिसंबर को सामान्य अंग्रेजी और संस्कृत, 15 दिसंबर को सामान्य हिंदी, 16 दिसंबर को विशिष्ट उर्दू और 17 दिसंबर को गणित का पेपर होगा।
इसके बाद 19 दिसंबर को सामाजिक विज्ञान और 21 दिसंबर को विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। हाईस्कूल के परीक्षार्थियों का आखिरी पेपर 21 दिसंबर को होगा।
हायर सेकेंडरी में 8 दिन होंगे पेपर
हायर सेकेंडरी पत्राचार पाठ्यक्रम की परीक्षा भी 14 दिसंबर से शुरू होगी। पहले दिन विशिष्ट उर्दू, 15 दिसंबर को राजनीति शास्त्र और 16 दिसंबर को समाजशास्त्र का पेपर होगा। 17 दिसंबर को रसायन शास्त्र, लेखाशास्त्र और इतिहास की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
19 दिसंबर को व्यवसाय अध्ययन, गणित, जीव विज्ञान और भूगोल के पेपर होंगे। 21 दिसंबर को अर्थशास्त्र और भौतिकी की परीक्षा होगी। वहीं, 22 दिसंबर को सामान्य अंग्रेजी और सामान्य हिंदी के साथ हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं समाप्त होंगी।
परीक्षार्थी समय-सारिणी के अनुसार करें तैयारी
मदरसा बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार सभी परीक्षाएं निर्धारित समय पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होंगी।
परीक्षार्थियों को विषयवार तारीखों के अनुसार अपनी तैयारी और परीक्षा संबंधी व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। बोर्ड ने द्वितीय और चतुर्थ अवसर के परीक्षार्थियों के लिए यह परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है।





