राहुल गांधी को लोकसभा का नोटिस: अमित शाह पर टिप्पणी को लेकर 28 अगस्त तक मांगा जवाब, BJP सांसदों ने की थी शिकायत

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लोकसभा सचिवालय की ओर से नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और संजय जायसवाल की शिकायतों के आधार पर भेजा गया है।
दोनों सांसदों ने एंटी-पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणियों को असंसदीय बताते हुए विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था।
लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी से 28 अगस्त तक जवाब मांगा है। मामला 29 जुलाई को लोकसभा में एंटी-पेपर लीक बिल पर हुई चर्चा से जुड़ा है। चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने अपने भाषण में ‘इडियट’ और ‘अंधभक्त’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया था।
विवाद बढ़ने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इन शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटाने के निर्देश दिए थे। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राहुल गांधी की भाषा पर आपत्ति जताते हुए इसे संसदीय परंपराओं के खिलाफ बताया था।
लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक संजय जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिकायत पत्र साझा करते हुए कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणियों से अमित शाह की गरिमा और संसद की मर्यादा प्रभावित हुई है। उन्होंने 29 जुलाई को लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर राहुल गांधी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की थी।
वहीं, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने 30 जुलाई को विशेषाधिकार हनन का नोटिस देते हुए आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने सदन में असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने गंभीर आरोप लगाए, लेकिन इसके लिए लोकसभा के नियम 353 के तहत आवश्यक पूर्व सूचना नहीं दी गई।
हालांकि, राहुल गांधी ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा था कि उन्होंने कई छात्रों से बातचीत के आधार पर यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने पेपर लीक को छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।
राहुल ने यह भी आरोप लगाया था कि शिक्षा व्यवस्था पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्रभाव बढ़ रहा है और तत्कालीन शिक्षा मंत्री का इस्तीफा केवल एक दिखावटी कदम था।





