मुंबई। एक्ट्रेस कुनिका सदानंद इन दिनों सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना कर रही हैं।
मामला तब शुरू हुआ, जब उनकी एक पुरानी फिल्म का वीडियो वायरल किया गया, जिसमें वे दिवंगत अभिनेता अमरीश पुरी के साथ पूल में रोमांटिक सीन करती नजर आईं। वीडियो शेयर करते हुए कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं।
एक यूजर ने वीडियो पोस्ट कर लिखा कि कुनिका आदर्श और नैतिकता की बातें करती हैं, लेकिन फिल्मों में ऐसे सीन कर चुकी हैं। इस पर जवाब देते हुए कुनिका ने लिखा, “ये रोल है बेवकूफ, इसे एक्टिंग कहते हैं।” हालांकि इसके बाद भी अभद्र कमेंट्स का सिलसिला जारी रहा।
लगातार हो रही ट्रोलिंग से नाराज होकर कुनिका ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “इस देश में औरत होना पाप हो गया है। औरतों को मारो, जला दो, रेप करो, गाली दो, उनका अपमान करो, यही सब नए भारत में सही माना जा रहा है।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
विवाद के बीच कई लोग कुनिका के समर्थन में भी सामने आए। कुछ यूजर्स ने कहा कि किसी अभिनेत्री के पुराने फिल्मी सीन को लेकर उन्हें ट्रोल करना महिलाओं के प्रति गलत मानसिकता को दर्शाता है। लोगों ने इसे महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई करने वाली सोच बताया।
दरअसल, हाल ही में कुनिका ने अभिनेता थलापति विजय और अभिनेत्री तृषा कृष्णन का बचाव किया था। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र भी किया था, जिसके बाद वे कुछ सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गईं। 62 वर्षीय कुनिका 90 के दशक की चर्चित अभिनेत्री रही हैं और कई फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।
