मारुति 800 को मिला ग्लोबल सम्मान, FIVA अवॉर्ड पाने वाली भारत की पहली कार बनी

27 लाख से ज्यादा परिवारों का कार खरीदने का सपना किया था पूरा; 1983 में हुई थी लॉन्चिंग, तीन साल तक करना पड़ता था डिलीवरी का इंतजार

दिल्ली। कभी आम आदमी के कार खरीदने के सपने को हकीकत में बदलने वाली मारुति 800 को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिला है। इस कार को प्रतिष्ठित ‘FIVA वर्ल्ड व्हीकल हेरिटेज अवॉर्ड’ से नवाजा गया है।

इसके साथ ही मारुति 800 यह सम्मान हासिल करने वाली भारत की पहली कार बन गई है। यह पुरस्कार उन ऐतिहासिक वाहनों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने देश के ऑटोमोबाइल बाजार और लोगों की जीवनशैली पर गहरा प्रभाव छोड़ा है।

20 देशों की 21 ऐतिहासिक कारों में चयन

इस अवॉर्ड के लिए 20 देशों की 21 ऐतिहासिक कारों का चयन किया गया था। इनमें अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस, ब्राजील और ऑस्ट्रिया जैसे देशों की गाड़ियां भी शामिल थीं। मारुति 800 को भारत में निजी परिवहन की तस्वीर बदलने के योगदान के लिए चुना गया। मारुति सुजुकी इंडिया के चेयरमैन आरसी भार्गव ने कहा कि सीमित संसाधनों से शुरू हुआ इस कार का सफर भारत की तकनीक और निर्माण क्षमता का प्रतीक बना। 1987 में भारत में बनी पहली मारुति 800 यूरोप निर्यात की गई थी।

पहली कार के लिए तीन साल का इंतजार

मारुति 800 की बुकिंग 9 अप्रैल 1983 को शुरू हुई थी। शुरुआती दौर में ही करीब 1.20 लाख लोगों ने 10 हजार रुपए टोकन राशि देकर कार बुक कराई। दिसंबर 1983 में लॉन्च हुई इस कार की शुरुआती कीमत दिल्ली में 52,500 रुपए थी। मांग इतनी ज्यादा थी कि ग्राहकों को डिलीवरी के लिए तीन साल तक इंतजार करना पड़ता था। 14 दिसंबर 1983 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इंडियन एयरलाइंस के कर्मचारी हरपाल सिंह को पहली मारुति 800 की चाबी सौंपी थी।

27 लाख से ज्यादा कारों की बिक्री

किफायती कीमत, माइलेज और कम मेंटेनेंस खर्च के कारण यह कार मध्यमवर्गीय परिवारों की पसंद बन गई। कंपनी ने इसके 27 लाख से ज्यादा यूनिट बेचे। करीब तीन दशक तक भारतीय बाजार में पहचान बनाने के बाद 2014 में इसका उत्पादन बंद कर दिया गया। नए उत्सर्जन मानकों के अनुरूप पुराने प्लेटफॉर्म को अपग्रेड करना व्यावहारिक नहीं रह गया था। इसके बाद कंपनी ने एंट्री-लेवल सेगमेंट में ऑल्टो को आगे बढ़ाया।

↑
Exit mobile version