दिल्ली। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का अहमदाबाद कॉन्सर्ट विवादों में घिर गया है। 21 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए शो के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
इनमें कुछ युवक आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक अन्य वीडियो में दर्शक कथित तौर पर ई-सिगरेट पीता दिखाई दे रहा है। इन घटनाओं के बाद कॉन्सर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंधित सामान की जांच पर सवाल उठ रहे हैं।
युवकों के बीच जमकर मारपीट
वायरल वीडियो में कुछ युवक पहले बहस करते और फिर एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाते दिखाई दे रहे हैं। विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवकों को अलग किया।
हालांकि, झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ और इसमें शामिल लोगों की पहचान क्या है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ई-सिगरेट पर प्रतिबंध, फिर भी इस्तेमाल
कॉन्सर्ट में ई-सिगरेट, वेप, सिगरेट, लाइटर और तंबाकू उत्पाद ले जाने पर प्रतिबंध था। इसके बावजूद एक व्यक्ति के ई-सिगरेट इस्तेमाल करने का वीडियो सामने आया है।
कार्यक्रम में कांच की बोतलें, कैन, हथियार और बैनर-पोस्टर जैसी चीजें ले जाने पर भी रोक थी।
5 गानों पर रोक को लेकर दिलजीत ने उठाए सवाल
कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन ने दिलजीत के पांच गानों परफॉर्म करने पर रोक लगाई थी। इनमें ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा होटल’ और ‘केस’ जैसे गाने शामिल थे।
मंच से दिलजीत ने विदेशी कलाकारों और भारतीय सिंगर्स के साथ अलग-अलग व्यवहार किए जाने पर सवाल उठाए।
मुंबई और लखनऊ में भी शो
दिलजीत के ऑरा इंडिया टूर के तहत 27 नवंबर को मुंबई, 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ में कॉन्सर्ट प्रस्तावित हैं। ऐसे में अहमदाबाद की घटनाओं के बाद आगामी कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर रहेगी।
