खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: जगदलपुर में एथलीटों का जलवा, झारखंड और गुजरात ने जीते स्वर्ण

जगदलपुर/रायपुर।बस्तर के धरमपुरा स्थित खेल परिसर में आयोजित ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026’ के दूसरे दिन मंगलवार को एथलेटिक्स स्पर्धाओं में देश भर के जनजातीय युवाओं ने अपनी शारीरिक दक्षता और अदम्य साहस का प्रदर्शन किया। सुबह के सत्र में आयोजित विभिन्न ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
पुरुष वर्ग की 110 मीटर बाधा दौड़ में असम के त्रैलोक्य मसरोंग ने अपनी तकनीक और गति का शानदार तालमेल दिखाते हुए मात्र 15.85 सेकंड में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, 400 मीटर दौड़ में सबसे कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहाँ गुजरात के संतोषभाई उत्तमभाई गनवित (49.332 सेकंड) ने ओडिशा के नोबल कुमार किसान को महज 0.003 सेकंड के मामूली अंतर से हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया।
सबसे तेज धावक की 100 मीटर स्पर्धा में झारखंड के शिव कुमार सोरेन (10.58 सेकंड) ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी बादशाहत कायम की, जबकि मेजबान छत्तीसगढ़ के तिलक बर्सेल ने 10.87 सेकंड के साथ रजत पदक जीतकर घरेलू दर्शकों को झूमने का मौका दिया।
मैदानी स्पर्धाओं में शक्ति प्रदर्शन
लंबी कूद (Long Jump) में लक्षद्वीप के अब्दुल फतह एनएम ने 7.03 मीटर की लंबी छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, डिस्कस थ्रो (तवा फेंक) में गुजरात के मकवाना दानिश दिलीपभाई ने 44.83 मीटर की दूरी तय कर पहला स्थान प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण तब आया जब सिद्धार्थ नागेश ने 35.56 मीटर के स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
महिला वर्ग में झारखंड का दबदबा
महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में झारखंड की पृथ्वी ओरव ने 12.73 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। नागालैंड की रुदुओलहौनुओं बेहो दूसरे और झारखंड की ही पुतुल बास्की तीसरे स्थान पर रहीं।
इन परिणामों के साथ प्रतियोगिता के दूसरे दिन झारखंड और गुजरात की टीमों ने पदक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि मेजबान छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने भी दो महत्वपूर्ण रजत पदक जीतकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।





