रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की होनहार छात्रा कृतिका टेकाम ने CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। करीब 750 एकलव्य विद्यालयों के बीच 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कृतिका ने यह बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृतिका टेकाम को इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की भी पुष्टि करती है। मुख्यमंत्री ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने भी कृतिका को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जनजातीय अंचलों के विद्यार्थियों की क्षमता और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन और अनुकूल वातावरण मिल रहा है, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि कृतिका कांकेर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्रा हैं। प्रदेश में संचालित 75 एकलव्य विद्यालयों में से 71 में हाई स्कूल स्तर की पढ़ाई हो रही है, जिनमें 11 विद्यालयों ने शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम दर्ज किया है।
गौरतलब है कि इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ मानसिक और शारीरिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। यही कारण है कि राज्य के एकलव्य विद्यालयों ने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भी दूसरा स्थान हासिल किया है।
इसके अलावा, पंचायती राज मंत्रालय द्वारा आयोजित मॉडल यूथ ग्राम सभा प्रतियोगिता में गरियाबंद जिले के कोसमबुड़ा स्थित एकलव्य विद्यालय को राष्ट्रीय विजेता चुना गया, जिसे एक करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि भी मिली।
