रायपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित सत्र 2025-26 के बोर्ड परीक्षा परिणाम में सक्ती जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय चिस्दा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। विद्यालय के शानदार परीक्षा परिणाम से विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने जिले का गौरव भी बढ़ाया है।
विद्यालय में कक्षा 12वीं के कुल 62 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें 61 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी और एक विद्यार्थी ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। कॉमर्स संकाय में सतीश देवांगन ने 90.8 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। नीरज महिलांगो 89.2 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और कुनकुना साहू 88 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं विज्ञान संकाय में प्रियाशी चंद्रा ने 87.7 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। हेमलता जायसवाल 86.8 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और जयाशीष सोनी 86.7 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
कक्षा 10वीं में कुल 81 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 70 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी और 11 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में सफलता हासिल की। अनुज मिश्रा ने 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। हिमांशु सांडे 94.8 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और हेमराज खुटे 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे।
विद्यालय के प्राचार्य अरविंद कुमार जायसवाल ने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर विद्यार्थियों, पालकों, शिक्षकों और पूरे विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और पालकों के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी है।
