चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर केंद्र अलर्ट, छत्तीसगढ़ में SDRF की 7 टीमें तैयार; 28 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारें सतर्क हो गई हैं।
भारत सरकार के कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन ने सोमवार को सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने चक्रवात से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम करने और शून्य जनहानि का लक्ष्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए।
छत्तीसगढ़ की ओर से मंत्रालय महानदी भवन से अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल हुए। उन्होंने राज्य में की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।
दक्षिण बस्तर में बारिश की आशंका, टीमें अलर्ट
अपर मुख्य सचिव पिंगुआ ने बताया कि संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। दक्षिण बस्तर क्षेत्र में 28 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
राज्य में सात राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें जरूरी उपकरणों के साथ तैयार हैं। होमगार्ड और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद हैं।
राहत शिविरों में भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी
संभावित प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर, स्वास्थ्य सुविधाएं, खाद्य सामग्री, परिवहन और संचार व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत शिविर संचालित करने की व्यवस्था भी की गई है।
पेड़ गिरने और दीवार ढहने जैसी घटनाओं पर नजर
कैबिनेट सचिव ने चक्रवात के दौरान पेड़ गिरने, दीवारें ढहने और यातायात के दौरान लोगों के जोखिम में पड़ने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने प्रभावी चेतावनी प्रणाली, समय पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राज्य सरकार व जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।





