StateNewsदेश - विदेश

भारत में मिसाइलों का परीक्षण करेगा जापान: 1000 किमी रेंज वाली एंटी-शिप मिसाइल की होगी टेस्टिंग; रक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमति

दिल्ली। भारत और जापान के बीच रक्षा सहयोग को लेकर बड़ा समझौता हुआ है। जापान अगले साल से भारत की फायरिंग रेंज में अपनी लंबी दूरी की मिसाइलों और अटैक ड्रोन का परीक्षण कर सकेगा। गुरुवार को टोक्यो में हुई दोनों देशों की मंत्रिस्तरीय वार्ता में इस पर सहमति बनी। जापान अपनी करीब 1000 किलोमीटर मारक क्षमता वाली टाइप-25 एंटी-शिप मिसाइल का परीक्षण करना चाहता है।

जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोईजुमी ने कहा कि अगले साल जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स पहली बार भारत की फायरिंग रेंज का इस्तेमाल करेगी। जापान के पास लंबी दूरी की मिसाइलों के परीक्षण के लिए पर्याप्त खाली जगह नहीं है। घनी आबादी और समुद्री व्यापारिक गतिविधियों के कारण वहां सुरक्षित परीक्षण क्षेत्र तलाशना चुनौतीपूर्ण है।

रक्षा तकनीक में भी साझेदारी

भारत और जापान मिसाइल परीक्षण के अलावा रक्षा तकनीक और सैन्य उत्पादन में भी सहयोग बढ़ाएंगे। दोनों देश यूनिकॉर्न (UNICORN) स्टील्थ नेवल मास्ट सिस्टम परियोजना को जल्द अंतिम रूप देना चाहते हैं। फरवरी 2027 तक भारत से जरूरी मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

यह सिस्टम युद्धपोतों पर अलग-अलग लगे एंटीना और संचार उपकरणों को एक ही ढांचे में समाहित करता है। इससे जहाजों की रडार से पहचान करना मुश्किल होगा। साथ ही संचार और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर क्षमता बेहतर होगी।

नौसेना और वायुसेना का तालमेल बढ़ेगा

दोनों देश समुद्री निगरानी, खुफिया जानकारी साझा करने, समुद्र में फंसे लोगों के बचाव और बारूदी सुरंगों का पता लगाने में सहयोग करेंगे। संयुक्त नौसैनिक जहाज निर्माण की संभावनाएं भी तलाशेंगे। ‘वीर गार्जियन-26’ अभ्यास के बाद हवाई सैन्य सहयोग को भी विस्तार दिया जाएगा।

आतंकवाद पर साझा रुख

संयुक्त बयान में भारत और जापान ने सीमा पार आतंकवाद की निंदा की। दोनों देशों ने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद समेत आतंकी संगठनों को मिलने वाली आर्थिक मदद और सुरक्षित पनाहगाहों पर कार्रवाई की जरूरत बताई।

Related Articles

Back to top button