ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

खरीफ सीजन में किसानों को समय पर मिल रहे बीज और खाद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में पर्याप्त भंडारण: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खरीफ सीजन-2026 के दौरान किसानों को समय पर बीज और उर्वरक उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रही है।

कृषि एवं सहकारिता विभाग के समन्वित प्रयासों से प्रदेशभर में प्रमाणित बीज और खाद की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भी पर्याप्त भंडारण और सुव्यवस्थित वितरण व्यवस्था के चलते किसानों की खरीफ फसलों की बुवाई सुचारु रूप से जारी है।

कृषि विभाग के अनुसार जिले में उर्वरकों की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सहकारी समितियों और अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद उपलब्ध कराई जा रही है।

जिले में अब तक 5,201.42 टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। इनमें से 2,800.87 टन किसानों को वितरित किया जा चुका है, जबकि 2,400.56 टन उर्वरक अभी भी उपलब्ध है। यह मात्रा पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है, जिससे किसानों की मांग पूरी करने में आसानी हो रही है।

वहीं खरीफ फसलों की बुवाई के लिए प्रमाणित बीजों का भी पर्याप्त इंतजाम किया गया है। जिले में फिलहाल 4,656.50 क्विंटल प्रमाणित बीज उपलब्ध हैं। इनमें से 3,649.42 क्विंटल बीज किसानों को वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 1,007.08 क्विंटल बीज का सुरक्षित भंडार मौजूद है। कृषि विभाग नियमित रूप से बीजों की उपलब्धता और वितरण की समीक्षा कर रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता किसानों को खेती के हर चरण में आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराना है। गुणवत्तापूर्ण बीज, पर्याप्त उर्वरक और पारदर्शी वितरण व्यवस्था से खेती की तैयारियों को नई गति मिली है।

उन्होंने किसानों से केवल अधिकृत सहकारी समितियों और विक्रय केंद्रों से ही बीज एवं उर्वरक खरीदने तथा वैज्ञानिक खेती अपनाकर समय पर बुवाई करने की अपील की है। सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है।

Related Articles

Back to top button