पौधा लगाना ही नहीं, उसे वृक्ष बनने तक सहेजना भी हमारी जिम्मेदारी: मंत्री टंक राम वर्मा

रायपुर। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से बलौदाबाजार जिले के सकरी स्थित मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में शनिवार को जिला स्तरीय वन महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा शामिल हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण से हुई। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि यह केवल एक संदेश नहीं, बल्कि पूरे देश को पर्यावरण संरक्षण के लिए जोड़ने वाला महाअभियान है।
उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करना ही इस अभियान की वास्तविक सफलता है।
वन महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, हरियाली और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जंगलों को भीषण दावानल से सुरक्षित रखने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ‘वनसाथियों’ को भी सम्मानित किया गया।
राजस्व मंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वन संरक्षण में समाज की भागीदारी बेहद जरूरी है और ऐसे प्रयास दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं।
वन महोत्सव में लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर, वनमंडलाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की अपील की।





