नवा रायपुर में IPL का रोमांच, 10 और 13 मई को होंगे मुकाबले

मुख्य सचिव ने संभाली तैयारियों की कमान, सुरक्षा और सुविधाओं पर खास जोर
रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले टाटा IPL टी-20 मैचों को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं।
शेड्यूल के अनुसार, 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 13 मई को बेंगलुरु का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। इन मैचों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि हजारों दर्शकों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रायपुर पहुंचने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कमिश्नर को विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में CCTV कैमरों का जाल बिछाया जाएगा, वहीं पार्किंग और बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी पुलिस, NRDA और आयोजक एजेंसियों को सौंपी गई है।
आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के लिए अलग से इमरजेंसी रूट तय किए जाएंगे, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।
आयोजन के लिए कलेक्टर रायपुर की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसमें पुलिस, नगर निगम, परिवहन, खेल और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हैं।
बुनियादी सुविधाओं पर भी फोकस किया गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि BCCI और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के सहयोग से आयोजन को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी, ताकि दर्शकों को सुरक्षित और यादगार अनुभव मिल सके।





