ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दीपावली से पहले भिलाई को कचरामुक्त करने के निर्देश, लापरवाही पर प्रमुख सचिव ने जताई नाराजगी

रायपुर। दीपावली से पहले भिलाई शहर को कचरामुक्त बनाने और नागरिकों की शिकायतों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने नगर निगम के अधिकारियों को रोज सुबह फील्ड निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं की रिपोर्ट निर्धारित ग्रुप में साझा करने को कहा है। उन्होंने 15वें वित्त आयोग के तहत अधूरे निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए इन्हें समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में भिलाई नगर निगम के लंबित कार्यों और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई। बैठक में विभाग के संचालक नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल और निगम आयुक्त सुरुचि सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

नागरिकों को समय पर मिलें सेवाएं

प्रमुख सचिव बोरा ने कहा कि नागरिक कस्टमर हैं, इसलिए सेवाएं देने में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोन कमिश्नरों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को रोज सुबह अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। निदान-1100 के जरिए मिलने वाली शिकायतों का भी तय समय में निराकरण करने को कहा।

अधूरे निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए प्रमुख सचिव ने तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत कचरा प्रबंधन और प्रसंस्करण संयंत्रों से जुड़े कार्यों में भी तेजी लाने को कहा।

आवास और जल संरक्षण पर भी जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत मकानों के निर्माण में बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और बच्चों की सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। पात्र हितग्राहियों के लंबित प्रकरण जल्द निपटाने को कहा गया। बैठक में ई-बस सेवा की तैयारी, जलापूर्ति, तालाबों के रखरखाव, संपत्ति कर वसूली, ग्रीन बॉन्ड, बिजली बिल और ऑनलाइन नागरिक सेवाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को राजस्व संग्रहण बढ़ाने और डिजिटल व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button