ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अतिवृष्टि प्रभावित जिलों में राहत कार्य तेज करने के निर्देश: सीएम साय बोले- हर जरूरतमंद तक तुरंत पहुंचे मदद

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में हुई अतिवृष्टि और जलभराव की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी राहत सामग्री बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में जलनिकासी की व्यवस्था तेजी से की जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों और मार्गों की शीघ्र मरम्मत कर यातायात बहाल करने तथा बिजली, पेयजल सहित अन्य जनसुविधाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित जिलों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन, राहत सामग्री और अन्य सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और प्रशासन को लगातार अलर्ट मोड में रखा गया है।

Related Articles

Back to top button