चुनाव के बाद महंगाई का झटका! पेट्रोल 18 और डीजल 35 रुपए तक महंगा हो सकता है

दिल्ली। वैश्विक हालात और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच देश में पेट्रोल-डीजल महंगा होने की आशंका जताई जा रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले समय में पेट्रोल की कीमत में करीब 18 रुपये और डीजल में 35 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी हो सकती है। यह दावा ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ग्रुप मैक्वेरी की ‘इंडिया फ्यूल रिटेल’ रिपोर्ट में किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यदि कच्चे तेल के दाम 135 से 165 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बने रहते हैं, तो तेल कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वर्तमान में कंपनियों को पेट्रोल पर लगभग 18 रुपये और डीजल पर 35 रुपये प्रति लीटर तक का घाटा हो रहा है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
बताया जा रहा है कि देश की प्रमुख तेल कंपनियां रोजाना करीब 2,400 करोड़ रुपये का नुकसान झेल रही हैं। हालांकि केंद्र सरकार द्वारा उत्पाद शुल्क में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती के बाद यह घाटा घटकर लगभग 1,600 करोड़ रुपये प्रतिदिन रह गया है, लेकिन दबाव अब भी बना हुआ है।
रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया जा सकता है।
वैश्विक स्तर पर भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। पश्चिम एशिया में तनाव, विशेषकर ईरान-अमेरिका टकराव और होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है। इसका असर अमेरिका और यूरोप सहित कई देशों में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि भारत अपनी जरूरत का करीब 88 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव का सीधा असर देश की महंगाई पर पड़ता है।





