StateNewsखेलदेश - विदेश

एशियन गेम्स में भारत का अभियान खत्म: 21 गोल्ड समेत 85 मेडल जीते, 2002 के बाद पहली बार बेटियों का दबदबा

दिल्ली। जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत का अभियान पूरा हो गया है। आखिरी दिन घुड़सवारी के दो गोल्ड मेडल इवेंट बाकी हैं, लेकिन इनमें कोई भारतीय खिलाड़ी हिस्सा नहीं ले रहा। भारत ने इस बार 21 गोल्ड समेत कुल 85 मेडल जीते हैं। उज्बेकिस्तान के भी 21 गोल्ड हैं, लेकिन ज्यादा सिल्वर मेडल के कारण भारत चौथे स्थान पर है। रविवार को उज्बेकिस्तान ने गोल्ड नहीं जीता तो भारत चौथे स्थान पर ही टूर्नामेंट खत्म करेगा।

2002 के बाद पहली बार बेटियों ने ज्यादा गोल्ड जीते

भारत ने महिला इवेंट्स में 11 और पुरुष इवेंट्स में 7 गोल्ड जीते। तीन गोल्ड मिक्स्ड इवेंट्स में आए। इससे पहले 2002 बुसान एशियन गेम्स में भारतीय महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा गोल्ड जीते थे। तब महिलाओं ने 6 और पुरुषों ने 5 गोल्ड हासिल किए थे।

शूटिंग-एथलेटिक्स में नुकसान, बॉक्सिंग-रेसलिंग ने संभाला

2023 एशियन गेम्स में भारत ने 28 गोल्ड समेत 106 मेडल जीते थे। तब शूटिंग में 7 और एथलेटिक्स में 6 गोल्ड मिले थे। इस बार शूटिंग में 3 और एथलेटिक्स में सिर्फ 1 गोल्ड आया। यानी दोनों खेलों में 9 गोल्ड की कमी रही। स्क्वॉश, टेनिस, बैडमिंटन और घुड़सवारी में भी इस बार भारत गोल्ड नहीं जीत सका। हालांकि बॉक्सिंग में 3 और रेसलिंग में 2 गोल्ड ने कमी की भरपाई की। पिछली बार इन दोनों खेलों में एक भी गोल्ड नहीं मिला था।

टीम इवेंट्स में भारत का दबदबा

क्रिकेट, हॉकी और कबड्डी में भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में गोल्ड जीते। हॉकी गोल्ड के साथ दोनों भारतीय टीमों ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक का टिकट भी हासिल किया। पहली बार एक ही एशियन गेम्स में भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने गोल्ड जीता।

चीन की बादशाहत 44 साल से कायम

चीन 169 गोल्ड और 341 कुल मेडल के साथ टॉप पर रहा। जापान 83 गोल्ड के साथ दूसरे स्थान पर है। चीन 1982 से लगातार हर एशियन गेम्स में मेडल टैली में नंबर-1 रहा है।

इस गेम्स में 53 वर्ल्ड रिकॉर्ड, 76 एशियन रिकॉर्ड और 166 गेम्स रिकॉर्ड टूटे। भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने 238 अंक बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की और चीन को 238-234 से हराकर गोल्ड जीता।

Related Articles

Back to top button