मुल्लांपुर। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने पहले दिन शानदार शुरुआत की है।
मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने दूसरे सत्र में एक विकेट के नुकसान पर 150 रन का आंकड़ा पार कर लिया।
केएल राहुल और साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
भारतीय टीम को पहला झटका 41 रन के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा। जायसवाल 24 रन बनाकर मोहम्मद सलीम शमी की गेंद पर विकेटकीपर अफसर जजई को कैच थमा बैठे।
इसके बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने पारी को संभालते हुए अफगान गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।
केएल राहुल ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का 21वां अर्धशतक पूरा किया। वहीं साई सुदर्शन ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चौके के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया।
यह उनके टेस्ट करियर का तीसरा अर्धशतक है। दोनों बल्लेबाजों के बीच 100 रन से अधिक की साझेदारी हो चुकी है, जिससे भारत का स्कोर तेजी से आगे बढ़ा।
मैच के 36वें ओवर में भारत ने 150 रन का आंकड़ा पार किया। राहुल और सुदर्शन की जोड़ी क्रीज पर मजबूती से डटी हुई है और टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती नजर आ रही है।
इस मुकाबले में युवा स्पिनर मानव सुथार ने टेस्ट डेब्यू किया है, जबकि विकेटकीपर ऋषभ पंत अपना 50वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं।
खास बात यह भी है कि भारत ने इस मैच में छह बाएं हाथ के बल्लेबाजों को मौका दिया है। वहीं 15 साल बाद टीम इंडिया घरेलू मैदान पर रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के बिना कोई टेस्ट मैच खेल रही है।
