मुंबई। सलमान खान से जुड़े चर्चित काला हिरण शिकार मामले पर बन रही फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है।
अब अभिनेता सोनू मिश्रा ने दावा किया है कि उन्हें फिल्म में सलमान खान का किरदार निभाने के लिए चुना गया था, लेकिन उन्होंने बीच में ही प्रोजेक्ट छोड़ दिया। उनका आरोप है कि फिल्म में सलमान खान को एकतरफा और नकारात्मक तरीके से पेश किया जा रहा था।
यूट्यूब चैनल को दिए एक इंटरव्यू में सोनू मिश्रा ने बताया कि अप्रैल 2026 में एक कास्टिंग डायरेक्टर ने उनसे इस फिल्म के लिए संपर्क किया था।
सलमान खान से जुड़ा प्रोजेक्ट होने के कारण उन्होंने तुरंत हामी भर दी थी। हालांकि शूटिंग शुरू होने के बाद उन्हें फिल्म की कहानी और प्रस्तुति पर आपत्ति होने लगी।
सोनू ने कहा कि उन्हें महसूस हुआ कि फिल्म का पूरा नैरेटिव सलमान खान को दोषी और नकारात्मक दिखाने की दिशा में बनाया जा रहा है।
उन्होंने मेकर्स से स्क्रिप्ट और अपने किरदार की पूरी जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिला। कोर्टरूम से जुड़े दृश्यों और बहसों को देखने के बाद उन्होंने फिल्म छोड़ने का फैसला कर लिया।
अभिनेता ने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म निर्माताओं ने उनसे सोशल मीडिया पर साझा किए गए शूटिंग वीडियो हटाने के लिए कहा था। गौरतलब है कि सोनू मिश्रा इससे पहले सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ में एक कॉन्स्टेबल की भूमिका निभा चुके हैं।
वहीं फिल्म के निर्माता अमित जानी भी चर्चा में हैं। सलमान खान की ओर से भेजे गए लीगल नोटिस पर उन्होंने सार्वजनिक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी फिल्म केवल सलमान खान पर आधारित नहीं है, बल्कि बिश्नोई समाज के संघर्ष और वन्यजीव संरक्षण के मुद्दों को भी दर्शाती है।
बता दें कि फिल्म ‘काला हिरण’ का टीजर 20 जून को रिलीज होने वाला है। इसी बीच सलमान खान की ओर से फिल्म के निर्माण और प्रचार पर रोक लगाने की मांग को लेकर कानूनी नोटिस भेजा गया है। मामला अब कानूनी और फिल्मी दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
