रायपुर। राजधानी रायपुर में आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला शहर के बॉम्बे मार्केट इलाके का है, जहां शनिवार सुबह सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस में अचानक भीषण आग लग गई। बंद पड़े कार्यालय से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे राहगीरों ने बैंक के जोनल ऑफिस की खिड़कियों और वेंटिलेशन से घना धुआं निकलते देखा। इसके बाद तत्काल मौदहापारा थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैलती दिखाई दे रही थी, जिससे आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी दहशत का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं।
चूंकि आग बैंक के जोनल कार्यालय में लगी है, इसलिए वहां रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य रिकॉर्ड को नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार्यालय बंद था, जिससे किसी कर्मचारी या आम नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग पूरी तरह नियंत्रित करने और नुकसान का आकलन करने का काम जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद भी ली जाएगी।
