DMF फंड से खनन प्रभावित गांवों में होंगे जरूरत के हिसाब से काम: मुख्य सचिव ने 3 साल की कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश

बजट और डीएमएफ के कार्यों की होगी मैपिंग, दोहराव रोकने के लिए गांवों की सुविधाओं का होगा सर्वे
रायपुर। खनन प्रभावित क्षेत्रों में जिला खनिज न्यास (DMF) के फंड से होने वाले विकास कार्य अब स्थानीय जरूरतों के आधार पर तय किए जाएंगे। इसके लिए जिलों को तीन वर्षीय कार्ययोजना तैयार करनी होगी।
मुख्य सचिव विकासशील ने गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में हुई डीएमएफ की राज्य स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फंड का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए किया जाए।
बैठक में प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के तहत डीएमएफ फंड के उपयोग, विकास कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
पहले सर्वे, फिर तय होंगे विकास कार्य
मुख्य सचिव ने कहा कि हर जिले में स्थानीय जरूरतों का सर्वे कराया जाए। इसमें गांवों की बुनियादी सुविधाओं, अधोसंरचना और प्रस्तावित कार्यों का स्पष्ट विवरण हो। इसके आधार पर तीन साल की कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने राज्य बजट और डीएमएफ से कराए जाने वाले कार्यों की मैपिंग और तुलनात्मक समीक्षा करने को कहा, ताकि एक ही काम पर दो अलग-अलग योजनाओं से राशि खर्च न हो।
अधिकारियों को यह भी आकलन करने के निर्देश दिए गए कि कौन से गांव बुनियादी सुविधाओं से संतृप्त हो चुके हैं और किन गांवों में अब भी विकास कार्यों की जरूरत है।
खर्च नहीं, लोगों को मिला लाभ भी देखेंगे
बैठक में पेयजल, पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला-बाल कल्याण, वृद्धजन और दिव्यांगजन कल्याण, कौशल विकास, स्वच्छता, पशुपालन और कृषि से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने कहा कि केवल राशि खर्च होने को उपलब्धि न माना जाए। यह भी देखा जाए कि योजनाओं से लोगों को कितना लाभ मिला और उनके जीवन स्तर में कितना बदलाव आया।
उन्होंने वित्तीय वर्ष के अंत में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर डीएमएफ के कार्यों और खर्च की जानकारी ग्रामीणों के साथ साझा करने के निर्देश दिए। बैठक में वार्षिक ऑडिट, सोशल ऑडिट, पीएमयू की तैनाती और फंड वितरण पर भी चर्चा हुई।
सार्वजनिक भवनों पर लगेंगे QR कोड
सीजी डीएमएफ पोर्टल 2.0 के प्रचार और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत और सामुदायिक भवनों जैसी सार्वजनिक परिसंपत्तियों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इन्हें स्कैन कर नागरिक संबंधित परिसंपत्ति और विकास कार्यों की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख सचिव डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह, खनिज साधन विभाग के सचिव पी. दयानंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





