बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक मासूम की बचपन की शरारत उस पर भारी पड़ गई। रवान स्थित एक निजी सीमेंट कंपनी के सुरक्षा गार्ड ने महज एक आम तोड़ने की ‘सजा’ के तौर पर 12 वर्षीय दिनेश्वर साहू को जमीन पर पटक-पटक कर अधमरा कर दिया।
मासूम की हालत नाजुक
घटना शनिवार शाम की है। परिजनों के अनुसार, दिनेश्वर कंपनी परिसर में लगे पेड़ से आम तोड़ रहा था, तभी गार्ड ने उसे पकड़ लिया। गार्ड की दरिंदगी का आलम यह था कि उसने बच्चे को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी हड्डियाँ और अंदरूनी अंग चोटिल हो गए। मासूम करीब 24 घंटे तक बेहोश रहा और वर्तमान में जिला अस्पताल में जीवन और मौत की जंग लड़ रहा है। उसके शरीर पर घसीटने और खरोंचों के गहरे निशान मौजूद हैं।
धमकी और दबाव का खेल
घटना के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मांगने से रोकने की भी कोशिश की गई। आरोप है कि कुछ रसूखदारों ने परिवार को रिपोर्ट दर्ज न कराने के लिए डराया-धमकाया और “बुरा अंजाम भुगतने” की चेतावनी दी। हालांकि, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों के समर्थन के बाद परिवार ने हिम्मत जुटाई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इलाके में आक्रोश और राजनीति गरमाई
इस अमानवीय कृत्य के बाद पूरे जिले में तनाव है। कसडोल विधायक संदीप साहू और जिला साहू संघ के अध्यक्ष सुनील साहू ने अस्पताल पहुँचकर बच्चे का हाल जाना। साहू संघ ने इसे “गुंडागर्दी” करार देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इसी कंपनी परिसर में पहले भी एक बच्चे की मारपीट के बाद मौत हो चुकी है।
