छत्तीसगढ़ में अगले एक सप्ताह भारी बारिश का अलर्ट: रायपुर-सरगुजा संभाग में चेतावनी, रायगढ़ में घरों में घुसा पानी

प्रतापपुर में 110 मिमी बारिश रिकॉर्ड, मानसून सीजन में अब भी 24% कम बारिश दर्ज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है।
मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही रायपुर और सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।
मंगलवार तड़के रायगढ़ शहर में हुई तेज बारिश से कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।
पैठू डबरी, चंद्रनगर की नामदेव गली और वार्ड क्रमांक-18 के कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया।
अचानक जलभराव से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि रायपुर और सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हुई।
सबसे अधिक 110 मिलीमीटर बारिश प्रतापपुर में रिकॉर्ड की गई, जो इस अवधि की सर्वाधिक वर्षा रही।
हालांकि, हाल के दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन पूरे मानसून सीजन की बात करें तो छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
यानी प्रदेश अभी भी बारिश के मामले में औसत से पीछे चल रहा है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रायपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है।
ऐसे में नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों और निचले इलाकों में रहने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।





