नौकरी का झांसा देकर मानव तस्करी: झारखंड में छत्तीसगढ़ की 35 युवतियां बंधक, प्रशासन अलर्ट

कांकेर। छत्तीसगढ़ की युवतियों को नौकरी दिलाने के नाम पर झारखंड ले जाकर बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, करीब 35 युवतियों को बेहतर रोजगार का झांसा देकर झारखंड भेजा गया था, जहां उनसे जबरन काम कराया जा रहा है। मामले का खुलासा तब हुआ जब कांकेर जिले की एक युवती ने मोबाइल पर अपने परिचित युवक को मदद का संदेश भेजा।
बताया जा रहा है कि बंधक बनाई गई युवतियों में 15 कांकेर जिले की हैं, जबकि बाकी अन्य जिलों की रहने वाली हैं। सभी को नर्सिंग और अन्य काम दिलाने का वादा कर झारखंड के गढ़वा जिले ले जाया गया था। वहां पहुंचने के बाद युवतियों को बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा और उनसे जबरन काम कराया जा रहा है।
दुर्गुकोंदल क्षेत्र के खुटगांव की एक युवती ने अपने गांव के युवक को मैसेज भेजकर पूरी आपबीती बताई। युवती ने बताया कि कई लड़कियां वहां फंसी हुई हैं और घर लौटना चाहती हैं। मैसेज सामने आने के बाद परिजनों में चिंता बढ़ गई और उन्होंने शासन-प्रशासन से बेटियों की सुरक्षित वापसी की मांग की।
मामले की जानकारी मिलते ही कांकेर प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए। कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने बताया कि झारखंड के गढ़वा जिले में कुछ युवतियों को बंधक बनाए जाने की शिकायत मिली है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीम संबंधित जिले के अधिकारियों से लगातार संपर्क में है और युवतियों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रशासन की टीम युवतियों से संपर्क करने और उन्हें वापस लाने में जुटी हुई है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।





