ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में हनीट्रैप का खुलासा: नशीला पदार्थ पिलाकर अश्लील तस्वीरें लीं, 6 महीने में युवक से 2.17 लाख रुपए ऐंठे

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो महिलाओं पर एक 54 वर्षीय व्यक्ति को दोस्ती के जाल में फंसाकर नशीला पदार्थ पिलाने, उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें लेने और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर छह महीने में 2.17 लाख रुपए वसूलने का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बीरगांव गांधी नगर निवासी दुलीचंद कुम्हार की पहचान अशोक नगर श्मशान घाट के पास रहने वाली मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी से थी। शिकायत में बताया गया कि 6 जनवरी को महिला ने उसे अपने घर बुलाया, जहां एक अन्य महिला पहले से मौजूद थी। दोनों ने उसे शराब पिलाई, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाया गया था। बेहोश होने के बाद उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच ली गईं।

पीड़ित का आरोप है कि दो दिन बाद महिलाओं ने तस्वीरें दिखाकर उन्हें पत्नी, बेटे, रिश्तेदारों और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। सामाजिक बदनामी के डर से उसने 8 जनवरी को पहली बार 50 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद ब्लैकमेलिंग का सिलसिला लगातार चलता रहा।

शिकायत के मुताबिक फरवरी में 48 हजार, मार्च में 45 हजार, अप्रैल और मई में 46-46 हजार तथा जून में 30 हजार रुपए वसूले गए। इस तरह छह महीने में कुल 2.17 लाख रुपए आरोपियों ने ऐंठ लिए। लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने अंततः पुलिस से शिकायत की।

गुढ़ियारी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी बी.एल. चंद्राकर ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button