बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति की इच्छा और सहमति के बिना नार्को-एनालिसिस, पॉलीग्राफ, ब्रेन मैपिंग या अन्य वैज्ञानिक जांच नहीं कराई जा सकती। रायगढ़ जिले के हत्या के एक मामले में पुलिस प्रताड़ना की शिकायत पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को राहत देते हुए उनके वैज्ञानिक परीक्षणों पर रोक लगा दी है।
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने कहा कि यदि किसी वैज्ञानिक जांच की आवश्यकता हो तो संबंधित व्यक्ति की स्वतंत्र, स्पष्ट और पूरी जानकारी के साथ दी गई सहमति अनिवार्य होगी। किसी को भी ऐसे परीक्षण के लिए मजबूर करना कानून के अनुरूप नहीं है।
मामला रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक केस से जुड़ा है। पुलिस ने जांच के दौरान संदेह के आधार पर किसान लक्ष्मीनारायण पटेल और अर्धना भगत को पूछताछ के लिए बुलाया था। दोनों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि उनका नाम एफआईआर में नहीं है और उनके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य भी नहीं मिले, फिर भी उन्हें बिना विधिवत नोटिस के लगातार 18 दिनों तक थाने बुलाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
याचिकाकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने दबाव बनाकर उनसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए और बिना उचित कानूनी प्रक्रिया अपनाए उनका मोबाइल भी जब्त कर लिया। साथ ही, उनकी सहमति और न्यायिक अनुमति के बिना नार्को, पॉलीग्राफ और ब्रेन मैपिंग टेस्ट कराने के लिए नोटिस जारी किया गया।
सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया कि याचिकाकर्ताओं को किसी भी प्रकार की वैज्ञानिक जांच के लिए बाध्य नहीं किया जाए। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच एजेंसियों को पूछताछ के दौरान कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का सम्मान करना अनिवार्य है।
