यूपी-बिहार में आंधी-बारिश का कहर, 48 की मौत: सहारनपुर में 10 गाड़ियां बहीं, पटना में 4 फ्लाइट डायवर्ट

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है।
दोनों राज्यों में पिछले 24 घंटे के दौरान कुल 48 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने 15 से अधिक राज्यों में प्री-मानसून बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है।
बिहार में आंधी-बारिश और वज्रपात से 17 लोगों की जान चली गई। राजधानी पटना में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा।
तेज बारिश और कम दृश्यता के कारण 4 फ्लाइट को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा, जबकि 18 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। इससे करीब 500 से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने शनिवार को भी राज्य के 25 जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में हालात और गंभीर रहे। प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश से 31 लोगों की मौत हो गई। सहारनपुर में भारी बारिश के बाद पहाड़ी क्षेत्रों से तेज बहाव के साथ पानी नीचे आया, जिससे इनोवा, ट्रैक्टर समेत करीब 10 वाहन बह गए।
कई इलाकों में पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी खबरें हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में भी मौसम ने करवट ली है। शनिवार को 30 जिलों में आंधी के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। एक दिन पहले चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर और सीकर समेत कई जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
वहीं पंजाब के पठानकोट में शनिवार सुबह ओले गिरे, जबकि मोहाली में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।





