जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक दुल्हन ने शराब के नशे में धुत दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया। दूल्हा बारात लेकर पहुंचा था, लेकिन द्वार पूजा के दौरान उसकी हालत देखकर दुल्हन ने साफ कह दिया कि वह किसी नशेड़ी से शादी नहीं करेगी। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। मामला चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा का है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम खोखरा निवासी संत कुमार की शादी कोसमंदा की मुस्कान प्रधान से तय हुई थी। 23 जून को बारात धूमधाम से लड़की के घर पहुंची। स्वागत और अन्य रस्मों के बाद जब द्वार पूजा की तैयारी शुरू हुई, तब दूल्हा शराब के नशे में लड़खड़ाता नजर आया। बताया जा रहा है कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
दुल्हन ने जड़े थप्पड़, शादी से किया इनकार
दूल्हे की हालत देखकर मुस्कान प्रधान ने शादी से इनकार कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद भी हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुल्हन ने नाराज होकर दूल्हे को दो-तीन थप्पड़ भी मार दिए। मामला बढ़ने पर पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया।
सगाई में भी नशे में आया था दूल्हा
मुस्कान ने बताया कि दूल्हा सगाई के दौरान भी शराब के नशे में आया था। उसने कहा कि वह अपनी जिंदगी किसी नशे की लत वाले व्यक्ति के हवाले नहीं कर सकती। परिवार ने भी बेटी के फैसले का समर्थन किया।
SP ने किया सम्मानित
घटना की जानकारी मिलने पर जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मुस्कान और उसके परिवार को सम्मानित किया। उन्होंने इसे नशे के खिलाफ मजबूत सामाजिक संदेश बताते हुए मुस्कान को महिला परिवार परामर्श केंद्र में 5 हजार रुपए मासिक मानदेय पर जिम्मेदारी देने की घोषणा की। सोशल मीडिया पर भी युवती के इस साहसिक फैसले की जमकर सराहना हो रही है।
