मुंबई। मुंबई में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने सोने की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एजेंसी ने इंपोर्टेड ट्रेडमिल के अंदर बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा करीब 1.10 करोड़ रुपए का सोना बरामद किया है। इस मामले में एक चीनी नागरिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
DRI अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि चीनी नागरिकों का एक समूह भारत में मौजूद सहयोगियों की मदद से सोने की तस्करी कर रहा था। तस्करी के लिए आरोपियों ने वैध कारोबारी चैनल का इस्तेमाल किया। विदेश से भारत आने वाली मशीनरी और फिटनेस उपकरणों के अंदर सोना छिपाकर लाया जा रहा था, ताकि सामान्य आयात की आड़ में इसे देश में पहुंचाया जा सके।
इंपोर्टेड मशीनरी बनी तस्करी का जरिया
जांच में पता चला कि बरामद सोना एक इंपोर्टेड ट्रेडमिल के अंदर छिपाकर रखा गया था। अधिकारियों को संदेह है कि तस्करी करने वाले गिरोह ने मशीनरी की बनावट और उसके अंदर मौजूद खाली जगहों का इस्तेमाल सोना छिपाने के लिए किया।
गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी का संबंध उस आयात करने वाली फर्म से बताया जा रहा है, जिसके जरिए यह मशीनरी भारत लाई गई थी। इससे एजेंसी को आशंका है कि गिरोह ने आयात-निर्यात से जुड़े वैध कारोबारी दस्तावेजों और प्रक्रियाओं का इस्तेमाल तस्करी के लिए किया।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी DRI
DRI अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोना कहां से लाया गया, भारत में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी और इस तस्करी में कितने लोग शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय गिरोह के भारत में मौजूद अन्य सहयोगियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। DRI आयात से जुड़े दस्तावेजों, आरोपियों के संपर्क और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है।
