सीएम विष्णु देव साय से गोवा के खेल मंत्री की सौजन्य भेंट, जनजातीय कल्याण और खेल विकास पर हुई चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में गोवा के खेल, युवा मामले एवं जनजातीय कल्याण मंत्री रमेश तावड़कर ने सौजन्य मुलाकात की।
इस मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों के बीच जनजातीय विकास और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साझा प्रयासों पर सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए मंत्री रमेश तावड़कर का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने गोवा के मंत्री को बस्तर आर्ट का स्मृति चिन्ह और जशपुर के स्थानीय गौरवशाली उत्पाद भेंट कर सम्मानित किया।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स,एक मील का पत्थर
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए आधुनिक अधोसंरचना विकसित कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि देश के प्रथम ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ का आयोजन छत्तीसगढ़ में होना राज्य के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री के अनुसार यह आयोजन जनजातीय युवाओं को उनकी नैसर्गिक प्रतिभा दिखाने के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहा है। इससे खिलाड़ियों के आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और उनकी सांस्कृतिक पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत होगी।
छत्तीसगढ़ की संस्कृति को करीब से देखेगा गोवा का दल
मंत्री रमेश तावड़कर के नेतृत्व में गोवा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इन खेलों में सहभागिता हेतु छत्तीसगढ़ पहुंचा है। यह दल केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत को समझने के लिए मुक्तांगन और आदिवासी संग्रहालय जैसे सांस्कृतिक स्थलों का भी अवलोकन करेगा।
मुलाकात के दौरान तावड़कर ने छत्तीसगढ़ की मेजबानी और जनजातीय कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस बैठक को दोनों राज्यों के बीच खेल और संस्कृति के आदान-प्रदान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





