भिलाई/रायपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई की बेटी अनुष्का सोन ने ग्लैमर की दुनिया में राज्य का मान बढ़ाया है।
अनुष्का को फेमिना मिस इंडिया 2026 के 61वें संस्करण के लिए आधिकारिक तौर पर ‘मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026’ चुना गया है। खास बात यह है कि अनुष्का पेशे से डॉक्टरी की पढ़ाई (MBBS) कर रही हैं और अब वे सौंदर्य प्रतियोगिता के सबसे प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कोलकाता से मुंबई तक का सफर
इस प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया बेहद कड़ी थी। प्रारंभिक ऑडिशन कोलकाता में आयोजित किए गए थे, जहाँ देशभर की सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद पांच फाइनलिस्ट चुनी गईं। इसके बाद मुंबई में हुए फाइनल ऑडिशन में अनुष्का ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से निर्णायकों का दिल जीत लिया।
दिग्गज जूरी ने लगाई जीत पर मुहर
मुंबई में आयोजित चयन प्रक्रिया में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 निकिता पोरवाल, मिस्टर इंडिया वर्ल्ड 2024 गोकुल गणेशन, नताशा ग्रोवर, डॉ. ब्लॉसम कोच्चर और मशहूर कोरियोग्राफर संदीप सोपरकर जैसे प्रतिष्ठित निर्णायकों ने अनुष्का के व्यक्तित्व और सामाजिक समझ को परखा और उन्हें इस खिताब से नवाजा।
मिस वर्ल्ड की राह होगी आसान
द टाइम्स ग्रुप और फेमिना द्वारा आयोजित यह नेशनल ब्यूटी पेजेंट न केवल सुंदरता, बल्कि आत्मविश्वास और टैलेंट का भी मूल्यांकन करता है। यहाँ से जीतने वाली प्रतिभागी को मिस वर्ल्ड जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलता है। इसी मंच से ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा और मानुषी छिल्लर जैसी हस्तियों ने वैश्विक पहचान बनाई है।
