सरगुजा में नायब तहसीलदार से मारपीट, BJP विधायक समेत 10 पर FIR

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार और भाजपा विधायक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुसार मनिक ने रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना सीतापुर थाना क्षेत्र की है।

नायब तहसीलदार के मुताबिक विधायक समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और कपड़े फाड़ दिए। विवाद की शुरुआत विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी की जमीन संबंधी फाइल को लेकर हुई।

सीमा धनकी ने आरोप लगाया कि कई दिनों से उन्हें दफ्तर के चक्कर लगवाए जा रहे थे। बुधवार को जब उन्होंने फाइल पर हस्ताक्षर करने की बात कही तो नायब तहसीलदार भड़क गए और कथित तौर पर फाइल फेंककर उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा।

इसकी जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को मिलने के बाद उनके समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए। आरोप है कि शाम को विधायक ने नायब तहसीलदार को वापस राजापुर बुलाया।

इस दौरान एसडीएम फगेश सिन्हा भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और नायब तहसीलदार के अनुसार विधायक समर्थकों ने उनकी पिटाई कर दी।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

वहीं विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है। मामले की जानकारी मिलने पर सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट ली। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version