ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री निवास में विराजे गणपति, CM साय ने की पूजा-अर्चना

रायपुर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिवारजनों के साथ विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाज से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि और विवेक के प्रतीक हैं। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश की आराधना से करने की हमारी प्राचीन परंपरा रही है। गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करने वाला उत्सव भी है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में तीज-त्योहारों और उत्सवों का विशेष महत्व है। हमारे पर्व अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ परिवार और समाज को भी एक सूत्र में बांधते हैं। गणेशोत्सव का उल्लास भी लोगों को सामूहिकता, सद्भाव और लोकमंगल की भावना से जोड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता के रूप में पूजा जाता है। उनकी आराधना से शुभ कार्यों की शुरुआत करने की परंपरा देशभर में रही है। गणेशोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।

पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री के परिवारजन मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह तथा मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे। इस दौरान मुख्यमंत्री निवास में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

Related Articles

Back to top button