धमतरी। जिले के मगरलोड क्षेत्र में जमीन फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपियों ने मृतक के नाम दर्ज करीब 4.5 एकड़ कृषि भूमि को अपना बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और जमीन बेचने के नाम पर करीब 40 लाख रुपए ऐंठ लिए। मामले में मगरलोड पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड, एटीएम, चेक, रबर सील और नकदी समेत कई अहम सामान बरामद किया गया है।
मृतक की जमीन को अपना बताकर लिए 40 लाख
पुलिस के मुताबिक गोबरा नवापारा निवासी सचिन बगानी ने मगरलोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि ठाकुर राम साहू ने ग्राम सांगा में मृतक विष्णु प्रसाद साहू के नाम दर्ज करीब 4.5 एकड़ जमीन को अपनी बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद जमीन बेचने के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से नगद और चेक के जरिए करीब 40 लाख रुपए ले लिए।
फर्जी ऋण पुस्तिका और आधार कार्ड तैयार किए
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मृतक के नाम से फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड और बैंक संबंधी दस्तावेज तैयार किए थे। इनका इस्तेमाल कर जमीन पर अपना अधिकार जताया गया। पुलिस पूछताछ में ठाकुर राम साहू द्वारा जितेन्द्र साहू के साथ मिलकर यह पूरा षडयंत्र रचने की जानकारी सामने आई।
ऋण पुस्तिका, चेक और रबर सील बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड, एक एटीएम कार्ड, तीन चेक, दो रबर सील, लिखावट वाली डायरी और 5,200 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। आरोपियों के लिखावट और हस्ताक्षर के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए क्यूडी शाखा भेजा जाएगा।
पुलिस ने ठाकुर राम साहू (37), निवासी ग्राम सांगा और जितेन्द्र साहू (38), निवासी ग्राम पोखरा को गिरफ्तार किया है। दोनों को 20 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2) और 238 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार करने और पूरे षडयंत्र में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
