संसद में आज 4 नए बिल होंगे पेश: अमित शाह रखेंगे 2 प्रस्ताव, शरद गुट के 8 सांसद PM से मिलेंगे

दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के तीसरे सप्ताह की शुरुआत सोमवार को अहम विधायी कामकाज के साथ होगी। लोकसभा में आज चार महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो बिल सदन में रखेंगे। इनमें केरल (अल्टरेशन ऑफ नेम) बिल, 2026 और नेशनल को-ऑपरेटिव डेवलपमेंट कॉरपोरेशन एक्ट, 1962 में संशोधन से जुड़ा विधेयक शामिल है।

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ट्रिब्यूनल्स रिफॉर्म्स बिल, 2026 पेश करेंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट, 1957 में संशोधन से संबंधित विधेयक सदन में रखेंगे।

राज्यसभा में बैंकिंग से जुड़े बिल पर चर्चा

राज्यसभा में सोमवार को बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल, 2026 पर चर्चा प्रस्तावित है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस विधेयक को सदन में पेश करेंगी। इसके अलावा संसद की कार्यवाही के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर टकराव देखने को मिल सकता है।

FCRA संशोधन बिल पर विपक्ष लामबंद

विपक्षी दल आज FCRA संशोधन बिल को लेकर रणनीति बनाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि पार्टी इस बिल का विरोध करेगी। विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा होगी। सरकार का कहना है कि प्रस्तावित बदलाव का उद्देश्य विदेशी चंदे में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है। वहीं विपक्षी दल कई प्रावधानों पर सवाल उठा रहे हैं।

PM मोदी से मिल सकते हैं शरद पवार गुट के सांसद

इस बीच NCP के शरद पवार गुट के सभी आठ सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री से समय मांगा गया है। माना जा रहा है कि बैठक में महाराष्ट्र और पार्टी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

संसद के पिछले सप्ताह में पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई समेत कई मुद्दों पर विपक्ष ने सरकार को घेरा था। हंगामे के बीच कई विधेयक पारित भी किए गए। सोमवार को भी सदन में राजनीतिक सरगर्मी तेज रहने के आसार हैं।

Exit mobile version