फिल्म पुष्पा की तर्ज पर सागौन तस्करी: नदी के बहाव में लट्ठे बहाकर ओडिशा ले जाने की कोशिश, 3 तस्कर गिरफ्तार

गरियाबंद में वन विभाग-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपी फरार, पूछताछ में सामने आ सकता है पूरा नेटवर्क
गरियाबंद। गरियाबंद जिले में फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर बेशकीमती सागौन की लकड़ी की तस्करी का मामला सामने आया है। तस्करों ने उदंती नदी के बहाव का सहारा लेकर सागौन के लट्ठों को छत्तीसगढ़ से ओडिशा पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में सक्रिय स्मार्ट सर्विलांस और मैदानी सूचना तंत्र के जरिए वन विभाग को इसकी भनक लग गई। इसके बाद गरियाबंद पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपी फरार हैं।
नदी के बहाव का उठाया फायदा
जानकारी के मुताबिक, वन अमले को सागौन तस्करी की सूचना मिलने के बाद संदिग्ध इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई। जांच के दौरान पता चला कि तस्कर बारिश के मौसम में उदंती नदी के बढ़े हुए बहाव का फायदा उठाकर लकड़ी के लट्ठों को पानी के रास्ते ओडिशा की ओर भेजने की कोशिश कर रहे थे।
संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को पकड़ लिया। शुरुआती जांच में आरोपियों के तार छत्तीसगढ़ और ओडिशा से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी कहां से काटी गई थी और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
वन विभाग के मुताबिक, पिछली बारिश के दौरान भी नदी के बहाव का इस्तेमाल कर लकड़ी की तस्करी करने वाले एक आरोपी को पकड़ा गया था। इसके बाद बारिश के मौसम में नदी और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई थी। इसी सतर्कता के चलते इस बार तस्करी की कोशिश समय रहते पकड़ में आ गई।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वन विभाग और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, लकड़ी की सप्लाई और इसके खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। वहीं फरार तीन आरोपियों की तलाश में टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।





