वडोदरा में नाव पलटने से बड़ा हादसा, झील में डूबने से 12 बच्चों और 2 टीचर की मौत, मुआवजे का ऐलान

वडोदरा। गुजरात के वडोदरा में नाव पटलने से बड़ा हादसा हो गया है। हरनी मोटनाथ झील में बच्चों को ले जा रही एक नाव पलट गई। नाव पलटने से 14 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 12 बच्चे और दो टीचर शामिल हैं। नाव में कुल 27 लोग सवार थे। 14 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। 11 बच्चों और 2 टीचर्स को बचा लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हरणी मोटनाथ झील में नौकायन के लिए स्कूली बच्चों को लेकर एक स्कूल के टीचर आए हुए थे। नाव में 23 बच्चे और चार टीचर थे। नाव में कुल 27 लोग सवार थे। नाव चलाने वाले के बारे में भी अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
वहीं, पीएम मोदी ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि हरनी झील में नाव पलटने से हुई जनहानि से व्यथित हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50,000 रुपये दिये जायेंगे।