दिल्ली। दुनियाभर में महंगाई का असर अब खाने-पीने की चीजों पर सबसे ज्यादा दिखाई देने लगा है। यूनाइटेड नेशंस से जुड़े फूड एंड एग्रीकल्चर आर्गेनाइजेशन के मुताबिक अप्रैल 2026 में ग्लोबल फूड कमोडिटी प्राइस इंडेक्स में 1.6% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह पिछले तीन साल का सबसे ऊंचा स्तर माना जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका-ईरान तनाव और सप्लाई चेन प्रभावित होने से खाद्य पदार्थों की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। FAO ने आने वाले महीनों में दाम और बढ़ने की आशंका भी जताई है।
इधर, कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। ईपीएफ (EPFO) मई के अंत तक UPI और ATM के जरिए PF निकालने की सुविधा शुरू करने जा रहा है। EPFO 3.0 पहल के तहत करीब 7.8 करोड़ सब्सक्राइबर्स बिना लंबी प्रक्रिया के तुरंत पैसा निकाल सकेंगे। नए सिस्टम में ऑटो-क्लेम सेटलमेंट और सीधे बैंक खाते में फंड ट्रांसफर जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी।
महंगाई का असर एविएशन सेक्टर पर भी दिख रहा है। Air India मिडिल ईस्ट तनाव के कारण बढ़ी लागत को देखते हुए करीब 20% उड़ानें कम करने और VP लेवल अधिकारियों की सैलरी घटाने की तैयारी में है। कंपनी नॉन-टेक्निकल स्टाफ को छुट्टी पर भेजने पर भी विचार कर रही है।
वहीं सर्राफा बाजार में इस हफ्ते चांदी ने बड़ा उछाल दर्ज किया। 1 किलो चांदी की कीमत 15,269 रुपए बढ़कर 2.56 लाख रुपए पहुंच गई। दूसरी ओर सोना 815 रुपए महंगा होकर 10 ग्राम के लिए 1.51 लाख रुपए तक पहुंच गया। इस साल अब तक सोने की कीमतों में 17,883 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है।
उधर अटल पेंशन योजना के 11 साल पूरे हो गए हैं। इस योजना में हर महीने 210 रुपए जमा कर 60 साल की उम्र के बाद 5,000 रुपए तक मासिक पेंशन पाई जा सकती है।
