रायपुर में ज्वेलर्स शॉप लूटने निकले 5 आरोपी, वारदात से पहले गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में ज्वेलर्स शॉप में डकैती की बड़ी वारदात होने से पहले ही पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश कर दिया। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने डकैती की योजना बना रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से धारदार हथियार, 4 मोबाइल फोन और 2 वाहन बरामद किए गए हैं।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान खम्हारडीह निवासी महेश धीवर, नितिन उर्फ सोनू बैस, खेमलाल सेन, लक्ष्मण साहू और पियुष कुमार साहू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कचना इलाके के आसपास किसी ज्वेलर्स शॉप में डकैती करने की तैयारी में थे।

खेल मैदान में हथियार लेकर बैठे थे आरोपी

पुलिस को 6 सितंबर को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह इलाके के एक खेल मैदान में कुछ युवक दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ संदिग्ध हालत में बैठे हैं। उनके पास धारदार हथियार भी हैं और वे लूट या डकैती की वारदात की तैयारी कर रहे हैं।

सूचना के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी में हथियार और वाहन मिले

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कचना इलाके में ज्वेलर्स शॉप को निशाना बनाने की योजना स्वीकार की। तलाशी में 2 बटनदार धारदार चाकू, एक बड़ा स्टील चाकू, 2 कैंची और एक स्टील पाइप बरामद हुआ। इसके अलावा 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

पुलिस ने होंडा बाइक CG 04 QT 4258 और टाटा एस डीआई वाहन CG 04 JD 9030 भी कब्जे में लिया है।

दो आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल

पुलिस के अनुसार, लक्ष्मण साहू पहले आबकारी एक्ट और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं खेमलाल सेन भी मारपीट के मामले में जेल में रह चुका है।

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ खम्हारडीह थाने में अपराध क्रमांक 348/26 के तहत धारा 310(4) BNS और 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और इस साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Exit mobile version