देश - विदेशStateNews

अभिषेक बनर्जी पर FIR, अमित शाह को धमकी देने का आरोप

दिल्ली। अभिषेक बनर्जी के खिलाफ पश्चिम बंगाल में चुनावी भाषणों को लेकर FIR दर्ज की गई है। उन पर विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ बयान देने और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ धमकी भरी भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। मामला उत्तर 24 परगना जिले के बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया।

सामाजिक कार्यकर्ता राजीब सरकार ने 5 मई को बागुईआटी थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में 27 अप्रैल से 3 मई के बीच दिए गए अभिषेक के कई भाषणों का जिक्र किया गया है। इसके साथ वीडियो लिंक और रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी गई थीं। पुलिस ने 15 मई को दोपहर 2:45 बजे औपचारिक FIR दर्ज की।

FIR में आरोप लगाया गया है कि अभिषेक बनर्जी के भाषणों से सार्वजनिक शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है। शिकायत के अनुसार, उन्होंने चुनावी सभाओं में विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ आक्रामक और उकसाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया।

चुनाव प्रचार के दौरान अभिषेक ने कई बार अमित शाह पर तीखे हमले किए थे। 16 अप्रैल को भगवानपुर की रैली में उन्होंने कहा था, “अमित शाह अगर दम है तो 4 मई को कोलकाता में रहिएगा, तब पता चलेगा कौन कितना बड़ा गुंडा है।” इसके अलावा उन्होंने सीमा सुरक्षा और चुनाव आयोग को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा था।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद लगातार राजनीतिक तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। 4 मई को भाजपा ने पहली बार राज्य में बहुमत हासिल किया था। इसके बाद ममता बनर्जी के इस्तीफा न देने का बयान, भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या, विधानसभा भंग होने और नई सरकार के गठन को लेकर राज्य का राजनीतिक माहौल लगातार गर्म बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button