ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महिला कर्मचारी का कुलसचिव पर वेतन हड़पने का आरोप: निजी आवास पर काम कराने और दबाव में राशि लेने की शिकायत

दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप एक नए विवाद में घिर गए हैं। विश्वविद्यालय में अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत महिला कर्मचारी शुभांगी मराठे ने कुलसचिव पर वेतन राशि के गबन और निजी कार्य कराने का आरोप लगाया है। महिला कर्मचारी ने इस संबंध में कुलपति को शिकायत पत्र और शपथ पत्र भी सौंपा है।

शुभांगी मराठे, निवासी वार्ड क्रमांक 47 राजीव नगर दुर्ग, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी (आउटसोर्स/अंशकालीन) कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया है कि उन्हें विश्वविद्यालय के निर्धारित कार्यों के बजाय कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप के निजी आवास पर घरेलू कार्य जैसे खाना बनाने आदि के लिए लगाया गया।

महिला कर्मचारी का आरोप है कि उनका मासिक वेतन विश्वविद्यालय निधि से कलेक्टर दर के अनुसार करीब 11,500 रुपए के आसपास उनके बैंक खाते में जमा होता है। शिकायत के मुताबिक, वेतन मिलने के बाद उन्हें केवल करीब 2,200 रुपए ही दिए जाते हैं, जबकि शेष राशि दबाव और नौकरी से हटाए जाने के डर से यूपीआई/फोन-पे के माध्यम से कुलसचिव के पुत्र उदय प्रताप कुलदीप के बैंक खाते में ट्रांसफर कराई जाती है।

शुभांगी मराठे ने 10 जुलाई 2026 को नोटरी सत्यापित शपथ पत्र के जरिए अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी पद पर कार्यरत कर्मचारी को निजी कार्यों में लगाने और वेतन की राशि लेने की प्रक्रिया की जांच की जानी चाहिए।

महिला कर्मचारी ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, आरोपों को लेकर कुलसचिव पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब मामले में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

गौरतलब है कि कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप पहले भी सरकारी वाहन से जुड़े विवाद को लेकर चर्चा में रहे हैं। अब नए आरोपों के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

Related Articles

Back to top button