ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां शुरू: वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर होगा विशेष आयोजन, शासन ने जारी किए दिशा-निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के आयोजन को लेकर सभी जिलों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

इस बार का आयोजन विशेष होगा, क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शासन ने जिला कलेक्टरों और विभागीय प्रमुखों को आयोजन की समुचित निगरानी और गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

राज्य स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त की सुबह 9 बजे रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा।

मुख्यमंत्री ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों के नाम संदेश देंगे। समारोह में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी और बैंड प्लाटून की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। शासन ने सभी शासकीय कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन को अनिवार्य किया है।

जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे और मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ेंगे।

वहीं जनपद पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर अध्यक्ष, सरपंच एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण करेंगे। इन कार्यक्रमों में राष्ट्रगान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और देश की एकता-अखंडता पर आधारित आयोजन होंगे।

शासन ने निर्देश दिए हैं कि जिला स्तरीय समारोहों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए।

15 अगस्त को प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापन भी स्वतंत्रता सेनानियों और छत्तीसगढ़ के शहीदों को समर्पित होंगे।

स्वतंत्रता दिवस की रात प्रदेश के सभी शासकीय भवनों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।

वहीं शासकीय एवं शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और वृक्षारोपण आयोजित किए जाएंगे। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी और केवल देशभक्ति गीतों के प्रसारण की अनुमति रहेगी।

Related Articles

Back to top button