कबीरधाम के किसानों ने जताया आभार, कहा- बेहतर कीमत से खेती की लागत निकालने और आय बढ़ाने में मिलेगी मदद
कवर्धा। छत्तीसगढ़ में गन्ने का मूल्य 425 रुपए प्रति क्विंटल होने पर कबीरधाम जिले के गन्ना उत्पादक किसानों में खुशी का माहौल है। किसानों ने इस फैसले के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार जताया। बोड़ला सर्किट हाउस में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों और किसानों ने उप मुख्यमंत्री का गन्ना भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
किसानों ने कहा कि गन्ने का बेहतर मूल्य मिलने से खेती की लागत निकालने में मदद मिलेगी और उनकी आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा। इससे गन्ने की खेती के प्रति किसानों का उत्साह भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। गन्ने का मूल्य 425 रुपए प्रति क्विंटल होने से जिले के गन्ना उत्पादकों को आर्थिक राहत मिलेगी।
किसानों ने गन्ना भेंटकर जताई खुशी
बोड़ला सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में किसानों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को गन्ना भेंटकर फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त की। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कृषि उपज का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलती है। उन्होंने गन्ना उत्पादकों के हित में लिए गए निर्णय के लिए उप मुख्यमंत्री को बधाई दी।
इस दौरान भारतीय किसान संघ कवर्धा के जिला उपाध्यक्ष दिनेश चंद्रवंशी, बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष पंकज वर्मा सहित किसान विनोद वर्मा, महेश वर्मा, टीकाराम साहू, तुलश धुर्वे, प्रदुम्न वर्मा और रामफल वर्मा मौजूद रहे।
किसानों ने उम्मीद जताई कि गन्ने का बेहतर मूल्य मिलने से जिले में गन्ने की खेती को प्रोत्साहन मिलेगा और किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
