जीपीएम में किसानों को मिले उन्नत मूंगफली बीज, राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन से बढ़ेगा उत्पादन और आय

जीपीएम। किसानों की आय बढ़ाने और देश को खाद्य तेल उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार और कृषि विभाग लगातार प्रयास कर रहे हैं।
इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के पेंड्रा विकासखंड के ग्राम कोटमीकला में भारत सरकार की राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ) योजना के तहत चयनित किसानों को उन्नत किस्म के मूंगफली बीज वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र को आधुनिक, लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
कृषि विभाग किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक सलाह और शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रहा है।
राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत तिलहनी फसलों के रकबे और उत्पादकता में वृद्धि कर किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
ग्राम कोटमीकला में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अमित कुमार तंवर, कृषि विकास अधिकारी मधुसूदन, क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी तथा ग्राम पंचायत के सरपंच भंवर सिंह अर्मो की मौजूदगी में 10 हेक्टेयर प्रदर्शन रकबे के लिए चयनित 25 किसानों को प्रमाणित एवं उन्नत गुणवत्ता के मूंगफली बीज वितरित किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि उन्नत बीजों के उपयोग से उत्पादन के साथ-साथ फसल की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
इस दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बीज उपचार, समय पर बुआई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण, कीट एवं रोग प्रबंधन, जल संरक्षण और वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी।
किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर खेती करने और विभागीय सलाह का पालन करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कृषि विभाग ने बताया कि योजना का उद्देश्य केवल बीज वितरण नहीं, बल्कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर तिलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाना और खाद्य तेल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करना है।
किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गुणवत्तायुक्त बीज और तकनीकी मार्गदर्शन से खेती अधिक लाभकारी बनेगी।





