ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

समय पर खाद, बीज और ऋण मिला तो बढ़ा किसान का आत्मविश्वास

रायपुर। समय पर खाद, उन्नत बीज और कृषि ऋण उपलब्ध हो जाए तो किसानों के लिए खेती की राह आसान हो जाती है। सुकमा जिले के प्रगतिशील किसान हड़मा राम मरकाम इसका जीवंत उदाहरण हैं।

जिला प्रशासन की सक्रिय पहल से उन्हें खरीफ सीजन शुरू होने से पहले ही आवश्यक कृषि आदान और आर्थिक सहायता मिल गई, जिससे उन्होंने बिना किसी बाधा के खेती की तैयारियां पूरी कर लीं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप सुकमा जिला प्रशासन ने खरीफ सीजन से पहले किसानों तक खाद, उन्नत बीज और अन्य कृषि सामग्री समय पर पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की।

कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में दूरस्थ क्षेत्रों तक कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

रानीबहाल गांव निवासी हड़मा राम मरकाम करीब 32 एकड़ भूमि पर खेती करते हैं। उन्हें छिंदगढ़ सहकारी समिति के माध्यम से 3 लाख 50 हजार रुपये का सब्सिडीयुक्त कृषि ऋण मिला।

इस राशि से उन्होंने समय पर खाद और उन्नत बीज खरीदे तथा खरीफ फसल की सभी तैयारियां पूरी कर लीं।

उनका कहना है कि समय पर ऋण और कृषि सामग्री मिलने से आर्थिक चिंता समाप्त हो गई और वे बिना देरी के बोआई की तैयारी कर सके। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला प्रशासन किसानों को उचित मूल्य पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ कालाबाजारी, अवैध भंडारण और बिचौलियों पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें नियमित निरीक्षण कर रही हैं, जिससे किसानों को सही समय पर और उचित कीमत पर कृषि सामग्री मिल रही है।

सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और प्रशासन की समयबद्ध कार्यप्रणाली से किसानों का आत्मविश्वास बढ़ा है। समय पर मिली सहायता के कारण किसान बेहतर खेती की ओर अग्रसर हैं और इस खरीफ सीजन में अच्छी उपज के साथ अधिक आय की उम्मीद कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button