StateNewsदेश - विदेश

तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 18 की मौत: कई मजदूर मलबे में दबे

दिल्ली। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं और वे करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई हैं।

धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री के कई हिस्से ढह गए और आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। आशंका है कि कई मजदूर अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं। दमकल और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया, लेकिन लगातार फूटते पटाखों के कारण अभियान में काफी दिक्कतें आईं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विस्फोट फैक्ट्री के उस हिस्से में हुआ, जहां मजदूर कच्चे विस्फोटक सामग्री के साथ काम कर रहे थे। आग तेजी से फैल गई, जिससे कई लोग बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके। कई शव बुरी तरह जल गए हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने को कहा गया है।

गौरतलब है कि इसी जिले में 6 दिन पहले भी एक अन्य पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था, जिसमें 2 मजदूरों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे ऐसे हादसे सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button